कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय पर श्रीराम का पोस्टर लगा, इससे अच्छा और अब क्या हो सकता है -गृह मंत्री

- 5 अगस्त को कांग्रेस कार्यालय में सजाए गए राम दरबार और लगाए गए करीब 25 फीट ऊंचे पोस्टर
- बुधवार को कांग्रेस कार्यालय पर राम दरबार लगाया गया था, दीपोत्सव मनाया गया था
कांग्रेस कार्यालय में 5 अगस्त को सजाए गए राम दरबार और लगाए गए करीब 25 फीट ऊंचे पोस्टर पर राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हम तो यह चाहते थे कि पूरा विश्व सियाराम मय हो जाए। इससे अच्छा और क्या हो सकता है कि कांग्रेस कार्यालय पर भगवान श्रीराम के पोस्टर लग गए। गृह मंत्री ने ये भी कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने और अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमिपूजन कर उसने अपनी कथनी और करनी को साबित कर दिया है।

कांग्रेस कार्यालय के सामने भगवान श्रीराम की विशाल होर्डिंग
बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने यहां पार्टी कार्यालय के मुख्यद्वार पर भगवान श्रीराम की तस्वीर के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया था। उन्होंने भगवान श्रीराम की आरती की और पूजन किया। कांग्रेस कार्यालय को भव्य तरीके से सजाया गया था। कार्यालय के ऊपर करीब 25 फीट ऊंचा भगवान श्रीराम का पोस्टर भी लगाया गया है।

कमलनाथ ने कहा था-
आज का दिन देश के लिए ऐतिहासिक है। बहुत समय से हर भारतवासी की आशा थी, आकांक्षा थी कि राम मंदिर का निर्माण हो। आज से राम मंदिर का निर्माण शुरू होने जा रहा है, आज हम सभी के लिये खुशी का क्षण है। राजीव गांधी जी ने 1985 में श्रीराम मंदिर का ताला खोला था और यह भावना उस समय से ही जुड़ी थी। उन्होंने 1989 में कहा था कि रामराज्य लाऊंगा, राम मंदिर बनना चाहिए। यह कोई आज की बात नहीं है और आज इसका कोई श्रेय लेने की कोशिश करे तो यह गलत है।