शिवराज सरकार में राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल कोरोना पॉजिटिव

मध्य प्रदेश के चौथे मंत्री पॉजिटिव हुए
शिवराज सरकार में राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वे सतना अमरपाटन से विधायक हैं और फिलहाल वे भोपाल में नवीन पारिवारिक परिसर स्थित एमएलए रेस्ट हाउस में रहते हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है, वहीं उनके परिवार और स्टॉफ के भी सैंपल लिए गए हैं। एमएलए रेस्टहाउस से भी 4 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, मंत्री अरविंद भदौरिया और तुलसी सिलावट भी कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं।
मुख्यमंत्री और दो प्रमुख मंत्रियों समेत और पार्टी नेताओं को कोरोना
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया के बाद अब जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यही नहीं, भाजपा के संगठन महामंत्री सुहास भगत भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट में संक्रमण मिला है। राज्यपाल रहे लालजी टंडन के अंतिम संस्कार में स्टेट प्लेन से लखनऊ जाने वालों में सीएम, मंत्री भदौरिया के साथ तीसरे व्यक्ति भगत और चौथे शख्स भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा थे।

अब सिर्फ वीडी शर्मा ही निगेटिव हैं। उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और उनकी पत्नी के साथ ही भाजपा के संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी, पूर्व विधायक रघुराज सिंह कंसाना और विधायक गिरीश गौतम की पत्नी पॉजिटिव आई।