दिग्विजय ने कहा- सचिन पायलट मेरे बेटे जैसे, मैंने उन्हें मैसेज भेजा है सिंधिया जैसी गलती नहीं करें

0
  • दिग्विजय सिंह ने कहा- उन्होंने पायलट के पास संदेश भेजा है कि भाजपा अविश्वसनीय पार्टी है
  • कांग्रेस ने पायलट को 26 की उम्र में सांसद, 32 में केंद्रीय मंत्री, 34 में प्रदेश अध्यक्ष, और 38 साल की उम्र में डिप्टी सीएम बनाया

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सचिन पायलट को सलाह दी है कि कांग्रेस में उनका भविष्य उज्ज्वल है और वे ज्योतिरादित्य सिंधिया के रास्ते पर नहीं जाएं। सिंह के मुताबिक, उन्होंने पायलट के पास संदेश भेजा है कि भाजपा अविश्वसनीय पार्टी है। सिंधिया जैसी गलती नहीं करना। भाजपा में जो भी दूसरी पार्टी से गया है वह कभी भी सफल नहीं रहा। सिंह ने कहा कि यह संदेश उन्होंने सचिन को भेजा था लेकिन, यह पहला मौका है, जब उनका जवाब नहीं आया। इससे पहले सचिन हर बात का फौरन जवाब देते थे। 

नई पार्टी बना सकते हैं पायलट 
दिग्विजय ने कहा- महत्वाकांक्षी होना अच्छा है। महत्वाकांक्षा के बिना कोई कैसे आगे बढ़ सकता है? लेकिन, महत्वाकांक्षा के साथ अपने संगठन, विचारधारा और राष्ट्र के लिए जिम्मेदारी का भाव भी होना चाहिए। मैंने सुना है कि पायलट नई पार्टी बना सकते हैं। इसकी क्या जरूरत है? क्या कांग्रेस ने कुछ नहीं दिया? उनको 26 की उम्र में सांसद, 32 की उम्र में केंद्रीय मंत्री, 34 की उम्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और 38 की उम्र में उप मुख्यमंत्री बनाया। वह और क्या चाहते हैं? समय उनके पक्ष में है।

सचिन को बैठक बुलानी चाहिए थी, अब सब भूलकर वापस आ जाएं
सिंह ने आगे कहा- अगर पायलट के पास कोई मुद्दा था तो फिर प्रदेश पार्टी इकाई के अध्यक्ष के रूप में उन्हें बैठक बुलानी चाहिए थी। इस मामले पर चर्चा करनी चाहिए थी। अशोक गहलोत के साथ मतभेदों को दूर करने के लिए वे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे को बातचीत में शामिल कर सकते थे। अगर आपको अपने विधायकों पर विश्वास है तो 18-19 साथियों को हरियाणा के मानेसर स्थित आईटीसी ग्रैंड होटल में कैद करके क्यों रखा? यह वही होटल है, जहां भाजपा ने महाराष्ट्र, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के विधायकों (इन राज्यों में सियासी संकट के दौरान) को रखा था। पायलट अब सब कुछ भूलकर वापस आ जाएं।

Leave a Reply