भोपाल में आज से लोकल लो-फ्लोर बसें शुरू

अभी सिर्फ एक रूट पर ही चलाई जा रही हैं बसें, कंडक्टर ने पीपीई किट पहनकर टिकट काटे
- लो-फ्लोर बस के पहिए 22 मार्च से बंद थे, लॉकडाउन के कारण 116 दिन बाद दो बसें ही शुरू हो सकीं
- एसआर-1 रूट पर चिरायु अस्पताल से न्यू-मार्केट होकर बैरागढ़ चीचली तक चलाई जा रही
लॉकडाउन के कारण 22 मार्च से बंद भोपाल में लो-फ्लोर बसें एक बार फिर चलना शुरू हो गईं। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) की 5 बसें गुरुवार से सिर्फ एक रूट एसआर-1 पर ही संचालित की जा रही हैं। इसमें यात्री चिरायु अस्पताल से न्यू मार्केट होते हुए कोलार के बैरागढ़ चीचली तक यात्रा कर सकते हैं। शुरुआती घंटों में मुश्किल से ही यात्री मिले। हालांकि, दोपहर तक यह संख्या सीटों के मुकाबले 50% तक पहुंच गई थी। ड्राइवर और कंडक्टर को स्थिति को देखते हुए पीपीई किट दी गई है। हालांकि उन्हें मौसम और भीड़ को देखते हुए किट पहनने सलाह भी दी है।

रोजाना करीब 1 लाख यात्री करते थे यात्रा
लॉकडाउन के पहले लो-फ्लोर बसों से रोजाना करीब एक लाख लोग यात्रा करते थे। दोबारा शुरू हुईं बसें सुबह 7 से शाम 7 बजे तक ही चलेंगी। लॉकडाउन से पहले इस रूट पर 12 लो-फ्लोर बसें चलती थीं। इन बसों से दिनभर में लगभग 9 हजार यात्री सफर करते थे। बस के ड्राइवर और कंडक्टर मास्क और ग्लब्स पहनकर रखेंगे। उनको सैनिटाइजर के साथ ही हाथ धोने के लिए साबुन भी दी गईं हैं। बस में सफर के दौरान संक्रमण ना फैले, इसके लिए प्रत्येक फेरा पूरा होने पर चिरायु अस्पताल के अंतिम स्टॉपेज पर बसों को सैनिटाइज भी किया जा रहा है। यात्रियों के मास्क पहने रहने पर ही बस में इंट्री दी जा रही है। साथ ही उन्हें बस में बैठने के पहले अपने साथ सैनिटाइज करने के लिए भी कहा जा रहा है।